अटल बिहारी वाजपेई जयंती | इमरजेंसी के बाद रामलीला मैदान का वो भाषण

अटल बिहारी वाजपेई जयंती 25 दिसम्बर — शत-शत नमन

अटल बिहारी वाजपेई जयंती: आज देश उस महामानव का जन्मदिन मना रहा है, जिनका नाम आते ही राजनीति, कविता और राष्ट्रभक्ति एक साथ याद आ जाती है — भारत रत्न माननीय अटल बिहारी वाजपेई जी।
आज वे भले ही हमारे बीच सशरीर उपस्थित न हों, लेकिन उनके विचार, उनके शब्द और उनका व्यक्तित्व हर भारतीय के हृदय में जीवित है।
मैं अटल जी को उनके जन्मदिन पर शत-शत नमन करता हूँ। उनके जीवन चरित्र पर जितना लिखूँ, उतना कम है, फिर भी जितना जानता हूँ, जितना पढ़ा है, वही साझा कर रहा हूँ।

WhatsApp Channel
Join Now
Telegram Channel
Join Now

दौर इमरजेंसी का चल रहा था। विपक्षी दलों के नेता जेल में डाल दिए गए थे। नसबंदी के आँकड़े पूरे करने के लिए क्या मंत्री, क्या मुख्यमंत्री, क्या अधिकारी—हर कोई जुड़ा हुआ था। हर कोई चाहता था कि संजय गांधी के 20 सूत्री कार्यक्रम को पूरा कर उनकी गुड बुक में आ जाए।
उधर जेल में बंद विपक्षी नेता हताश होने लगे थे। उन्हें लग रहा था कि इमरजेंसी का यह दौर शायद कभी खत्म नहीं होगा।

लेकिन फिर एक दिन अख़बार में खबर आई कि इंदिरा सरकार इमरजेंसी हटाने, फिर से चुनाव कराने और विपक्षी नेताओं को रिहा करने पर विचार कर रही है।
यह सुबह की खबर कैसे आई? उस समय के मशहूर पत्रकार कुलदीप नैयर एक पार्टी में मौजूद थे, तभी उनकी जान-पहचान का एक इंटेलिजेंस अधिकारी आया और उसने कहा कि सरकार ने हमें आदेश दिया है कि कांग्रेस की लोगों के बीच कितनी लोकप्रियता है, यह पता किया जाए।
कुलदीप नैयर को इशारा मिल गया। कुछ देर बाद उनकी मुलाकात कमलनाथ से हुई। एक मंझे हुए पत्रकार की तरह उन्होंने सिर्फ इतना पूछा — “चुनाव कब है?”
अचंभित होकर कमलनाथ ने पूछा — “आपको कैसे पता?”
पत्रकार को स्टोरी कन्फर्म हो गई थी और अगले दिन अख़बार की यही सुर्खियाँ थीं।

कुछ दिनों बाद विपक्षी दलों के नेताओं को छोड़ दिया गया। इसके बाद इस देश में जो हुआ, वह इतिहास है। पहली बार देश में किसी अन्य पार्टी की सरकार बनी। लोगों ने दिखा दिया कि इस लोकतंत्र में सबसे महत्वपूर्ण उनकी आवाज़ होती है।

इमरजेंसी के बाद रामलीला मैदान की ऐतिहासिक रात

बात इमरजेंसी के बाद की है — मार्च 1977। दिल्ली में एक बड़ी जनसभा तय हुई। सरकार को लगा कि ज्यादा लोग न पहुँच जाएँ, इसलिए तत्कालीन ब्रॉडकास्ट मंत्री विद्याचरण शुक्ल ने ऐलान कर दिया कि उसी समय, इतवार को, चर्चित फिल्म बॉबी दिखाई जाएगी।
एक तरफ बॉबी थी और दूसरी तरफ विपक्षी दलों के नेता — जिनके सिरमौर थे माननीय अटल बिहारी वाजपेई जी। इसलिए नहीं कि उनका राजनीतिक कद सबसे ऊँचा था, बल्कि इसलिए कि लोग उन्हें सुनने के लिए घंटों बैठे रहते थे।

रामलीला मैदान में बारिश हो रही थी, फिर भी मैदान खचाखच भरा था। रात के 9:30 बज चुके थे। अटल बिहारी वाजपेई जी उठे। उन्होंने पहली पंक्ति बोली — पाँच मिनट तक तालियाँ बजीं।
दूसरी पंक्ति बोली — दस मिनट तक तालियाँ बजीं।
और लोग रात 11:00 बजे तक उन्हें लगातार सुनते रहे।

अटल बिहारी वाजपेई जी ने कहा —

“बड़ी मुद्दत के मिले हैं दीवाने,
कहने-सुनने को बहुत हैं अफ़साने।
खुली हवा में ज़रा साँस तो ले लें,
कब तक रहेगी आज़ादी, कौन जाने।”

अटल बिहारी वाजपेई जी जैसे व्यक्तित्व शायद सैकड़ों वर्षों में एक बार जन्म लेते हैं।
आज उनके जन्मदिन पर यही प्रार्थना है कि उनका जीवन, उनके विचार और उनका राष्ट्रप्रेम आने वाली पीढ़ियों को उसी तरह प्रेरित करता रहे, जैसे दशकों से करता आया है।

अटल बिहारी वाजपेई जयंती की हार्दिक शुभकामनाएँ ।
आप विचारों में, शब्दों में और भारत की आत्मा में सदैव जीवित रहेंगे।

इमरजेंसी से लोकतंत्र की बहाली तक: ऐतिहासिक घटनाक्रम (1975–1977)

वर्ष / समयप्रमुख घटनाऐतिहासिक महत्व
1975देश में इमरजेंसी लागूलोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर रोक
1975–1976विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारीसंवैधानिक मूल्यों की सबसे बड़ी परीक्षा
1976जनता में असंतोष बढ़ासरकार की लोकप्रियता में गिरावट
जनवरी 1977इमरजेंसी हटाने का संकेतपत्रकारिता की भूमिका ऐतिहासिक बनी
मार्च 1977रामलीला मैदान की जनसभाअटल बिहारी वाजपेई का अमर भाषण
1977गैर-कांग्रेस सरकार का गठनलोकतंत्र की ऐतिहासिक जीत

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

Q1 – अटल बिहारी वाजपेई जी का इमरजेंसी काल में क्या योगदान रहा?

अटल बिहारी वाजपेई जी ने इमरजेंसी के दौरान लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवाज़ उठाई। वे विपक्ष के उन नेताओं में शामिल थे जिन्होंने जेल, दमन और प्रतिबंधों के बावजूद संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का समर्थन किया और जनता के विश्वास को जीवित रखा।

Q2 – इमरजेंसी हटने की खबर सबसे पहले कैसे सामने आई?

A – इमरजेंसी हटने और चुनाव की संभावना की खबर सबसे पहले वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर के माध्यम से सामने आई। एक इंटेलिजेंस अधिकारी के संकेत और कांग्रेस नेता कमलनाथ से हुई बातचीत के बाद यह खबर अख़बार की सुर्खी बनी, जिसने इतिहास की दिशा बदल दी।

Q3 – रामलीला मैदान का भाषण ऐतिहासिक क्यों माना जाता है?

1977 में रामलीला मैदान में दिया गया अटल बिहारी वाजपेई जी का भाषण इसलिए ऐतिहासिक माना जाता है क्योंकि वह इमरजेंसी के बाद लोकतंत्र की पहली खुली आवाज़ था। बारिश, तालियों और कविता के बीच अटल जी ने जनता के दिलों में आज़ादी की उम्मीद फिर से जगा दी।

Q4 – अटल बिहारी वाजपेई जी को जनता इतना क्यों सुनना पसंद करती थी

अटल बिहारी वाजपेई जी सिर्फ राजनेता नहीं, बल्कि कवि, विचारक और संवेदनशील वक्ता थे। उनकी भाषा सरल, भावनात्मक और सच्चाई से भरी होती थी, जिससे हर वर्ग का व्यक्ति खुद को उनसे जुड़ा हुआ महसूस करता था।

🔶 निष्कर्ष | Conclusion

अटल बिहारी वाजपेई जी भारतीय राजनीति के उन विरले व्यक्तित्वों में से थे, जिन्होंने सत्ता से अधिक संवेदनशीलता, संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों को महत्व दिया।
इमरजेंसी जैसे कठिन समय में भी उनका विश्वास लोकतंत्र से डिगा नहीं।

रामलीला मैदान में दिया गया उनका भाषण इस बात का प्रमाण है कि
शब्दों में अगर सच्चाई हो, तो वे इतिहास रच देते हैं।

आज अटल बिहारी वाजपेई जयंती पर हमें सिर्फ उन्हें याद नहीं करना चाहिए,
बल्कि उनके विचारों को जीवन में उतारना चाहिए
क्योंकि अटल जी सिर्फ एक नेता नहीं,
भारत की लोकतांत्रिक आत्मा की आवाज़ थे।

🚩 हिन्दू सनातन वाहिनी

सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और विभिन्न धार्मिक कार्यों में अपना अमूल्य सहयोग प्रदान करें।

सहयोग एवं दान करें
error: Content is protected !!